अब इसको क्या नाम दूँ


बॉलीवुड की फ़िल्में देखकर पला बढ़ा मैं सोचा करता था कि लड़कियां अंग्रेजी में प्रोपोज़ करने पर ही हाँ करती है। हालांकि चेतन  भगत आज भी यही सोचता है। मिथ के इसी अहसास में डूबकर दर्जनों लड़कियों को अंग्रेजी में प्रोपोज़ कर डाला। और लड़कियों ने "i don't know you' का थपेड़ा मुंह पर मारा। इन दर्जनों लड़कियों के प्यार में अभी इतना ही अँधा हुआ था कि आँखों पर ६ नंबर का चश्मा चढ़ गया था। प्यार का तालाब धीरें धीरें सूख रहा था कि एक दिन कैंटीन में बैठे चाय पीते हुए कामिल ने कहा - अरे बल्ली ! देख वो लड़की तुझे देख रही है। नाराजगी से घिरे मन से कहा - देखने दे। मुझे फर्क नहीं पड़ता। पर कामिल के दो तीन बार कहने पर लड़की को चुपके से तिरछी निग़ाहों से देख लिया। पता नहीं क्यों चश्मों से चौंधयाती नज़रों से हमेशा लगता कि हर लड़की सिर्फ मुझे ही देख रही है। ..और इस बार भी ऐसा ही लगा। दिल के सूखे तालाब में प्यार के बुलबुले फूटने लगे  और पूरी अकड़ के साथ दोस्त से कहा - अगर वापस जातें हुए देखेगी तो समझना जरूर हमारी दीवानी है। साल ओवर कॉन्फिडेंस भी हद का था।

भई लड़की ने वापस जाते हुए सच में हमें मुस्कराती निगाह से देखा और ये बल्ली तो दीवाना हो गया। देखने दिखाने के सिलसिले में चश्मों का नंबर बढ़ने लगा तो उसकी आड में लड़की भी दिन - ब - दिन सुन्दर नज़र आने लगी। अब बारी आई लड़की से बात करने की। तो वही अंग्रेजी के ख्याल दिमाग में दौड़ने लगे। बोले तो कैसे बोले ? लड़की हिंदी में मानेगी नहीं और अंग्रेजी हमको आती नहीं। एक ओर अंग्रेजी सीखने के चक्कर में दिन रात हॉलीवुड की फ़िल्में देखने लगा तो वही दो तीन घंटे शीशे के सामने खड़ा कुछ बड़बड़ाता रहता। खैर जो भी था। बात लड़की को प्रोपोज करने की थी तो अंग्रेजी की दो चार लाईने अच्छे से रट ली। हॉस्टल के दोस्तों के मनोबल के सहारे लड़की को मिलने चला। लड़की अपने दोस्तों के साथ झुण्ड में बैठी हुई थी। पास जाकर बोला excuse me . Can I talk to you ?

लड़की सकपकाई सी खड़ी हुई और बोली - yes ! go on .
झुण्ड के बाकी बच्चों की तरफ देखा तो सोचा यार अगर मना कर देगी तो दूसरे कोर्स वालों के सामने बेइज्जती हो जाएगी। पर क्या करता इसके लिए अंग्रेजी की कोई लाइन तैयार नहीं की थी। आख़िरकार दिल पर पत्थर रखकर बोला - in private. लड़की ने ओके कहा और थोड़ी दूर जाकर खड़े हो गए।
सांस अंदर खींच कर पुरे जोश के साथ के कहा - I like you . यार वो I love you नहीं बोल सकते। हरयाणवी जो ठहरे।

उतने ही जोश के साथ जवाब आया - but I don't even know you .
जानता था यही लाइन सुनने को मिलेंगी। आखिर इस काम में महारत जो हासिल थी।  सो तुरंत कहा -
I am Baljeet and you are Shagun . I am studying in GL and you are in mental health . see we know each other.

उसने कहा - you can't know anyone just by knowing her name and course.

अब साला जब भी ये "I don't know you" सुनते तो पुरे शरीर में बिजली कोंधियां जाती। दिमाग तो बस बंद सा हो जाता। फिर भी कुछ देर की चुप्पी के बाद कहा - क्या ये "I don't know you" लगा रखा है। अरे रोज तो टुकर टुकर देखा करती थी।

लड़की - excuse me . look mister . I don't even know that you are in my college .

ये सुनकर गुस्सा नहीं आया क्योंकि जानता था कि प्यार के मामले में हम हरियाणा वाले थोड़ा धोखा खा जाते है। चश्मा उतरा।  देखा तो शीशा काफी मोटा हो गया था।  इतना कि सुन्दर लड़की भी धुंधली नजर आ रही थी। चश्मा लगाया। गर्दन झुकाई और सॉरी बोलते हुए वापस आ गया।

Comments

Popular posts from this blog

पारो और चाय

खूनी उम्मीद